बाराबंकी के लोधेश्वर महादेव धाम में सावन मेले का शुभारंभ:पहले दिन उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, कपाट खुलते ही जलाभिषेक के लिए लगी कतारें

बाराबंकी में प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेव मंदिर में गुरुवार से सावन मेले का शुभारंभ हो गया। सावन के पहले दिन मंदिर के कपाट खुलते ही भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। सुबह से ही बाराबंकी, अयोध्या, गोंडा, बहराइच, सीतापुर और लखनऊ समेत आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में शिवभक्त धाम पहुंचे। श्रद्धालुओं ने गंगाजल, दूध और बेलपत्र अर्पित कर विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक किया। पूरे मंदिर परिसर में ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष गूंजते रहे। सावन के पहले सोमवार को लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। मेला क्षेत्र को विभिन्न सेक्टरों और जोन में विभाजित किया गया है। सुरक्षा और व्यवस्थाओं के लिए पुलिस, पीएसी, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन, सफाईकर्मी और आपदा राहत टीमों की तैनाती की गई है। ड्रोन और सीसीटीवी से हो रही निगरानी मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम और ड्रोन की मदद ली जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग, सुचारु यातायात, पेयजल, चिकित्सा सहायता और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। अन्य शिवालयों में भी उमड़ी आस्था लोधेश्वर महादेव धाम के अलावा हैदरगढ़ स्थित अवसानेश्वर महादेव मंदिर और सिद्धौर के सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में भी सुबह से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। प्रशासन का कहना है कि पूरे सावन माह में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि सभी भक्त सुरक्षित और सुगमता से दर्शन-पूजन कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *