अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन APEC समिट के स्वागत डिनर में एक साथ नजर आए। तीनों नेताओं के बीच कल त्रिपक्षीय बैठक होगी। इसमें ईरान युद्ध और परमाणु हथियारों के इस्तेमाल समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। इससे पहले जिनपिंग ने प्रोटोकॉल तोड़कर एयरपोर्ट पर ट्रम्प का स्वागत किया। वे पहली बार किसी विदेशी नेता को रिसीव करने खुद एयरपोर्ट पहुंचे। आमतौर पर इस तरह की जिम्मेदारी दूसरे अधिकारी निभाते हैं। ट्रम्प-पुतिन के चीन दौरे की 4 तस्वीरें… जिनपिंग बोले- ट्रम्प के साथ बातचीत से अमेरिका से रिश्ते बेहतर होंगे जिनपिंग ने ट्रम्प से कहा कि उन्हें उम्मीद है कि दोनों देशों के बीच बातचीत से रिश्ते बेहतर होंगे और उनमें स्थिरता आएगी। चीन की सरकारी न्यूज एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, जिनपिंग ने कहा कि दोनों देशों को एक-दूसरे का सम्मान करना चाहिए और मिलकर काम करना चाहिए। जिनपिंग ने सितंबर में अपनी अमेरिका यात्रा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस दौरान ट्रम्प और उनकी पत्नी खुद एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने पहुंचे थे। जिनपिंग ने कहा कि चीन ने भी ट्रम्प का स्वागत करके उसी परंपरा को आगे बढ़ाया है। जिनपिंग का APEC CEO समिट में बयान खुले व्यापार का समर्थन: जिनपिंग ने कहा कि सभी देशों को खुले व्यापार और निवेश को बढ़ावा देना चाहिए। WTO के नियमों का पालन जरूरी: दुनिया को WTO के केंद्र वाली व्यापार व्यवस्था बनाए रखनी चाहिए। इससे देशों के बीच व्यापार के नियम बने रहेंगे। सप्लाई चेन मजबूत रखने पर जोर: दुनिया की औद्योगिक और सप्लाई चेन स्थिर रहनी चाहिए, ताकि सामान की सप्लाई में रुकावट न आए। चीन अपने उद्योगों में निवेश जारी रखेगा: चीन अपने उद्योगों को मजबूत करने और नई तकनीक विकसित करने में निवेश करता रहेगा। इससे दूसरे देशों को भी फायदा होगा। टैरिफ घटाने और बाजार खोलने का वादा: चीन दूसरे देशों के लिए अपने बाजार और खोलेगा और आयात पर लगने वाला टैक्स यानी टैरिफ कम करेगा। हम संरक्षणवाद और एकतरफा फैसलों के खिलाफ खड़ा रहेगा। APEC समिट में 21 देशों के नेता शामिल APEC समिट 18 और 19 नवंबर को चीन के शेनझेन में हो रही है। इसमें एशिया-पैसिफिक क्षेत्र की 21 अर्थव्यवस्थाओं के नेता शामिल हो रहे हैं। इनमें अमेरिका, चीन, रूस, जापान, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया, सिंगापुर और इंडोनेशिया जैसे देश शामिल हैं। चीन 12 साल बाद तीसरी बार इस समिट की मेजबानी कर रहा है। इस साल की थीम है- ‘बिल्डिंग एशिया-पैसिफिक कम्युनिटी टू प्रॉस्पर टुगेदर’ यानी मिलकर तरक्की करने वाला एशिया-पैसिफिक समुदाय।

