अमेरिका की एक अदालत ने भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश के मामले में 19 साल 7 महीने जेल की सजा सुनाई है। 55 साल के निखिल ने इस साल की शुरुआत में हत्या के लिए सुपारी देने, हत्या की साजिश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप कबूल कर लिए थे। शुक्रवार को सजा सुनाए जाने के दौरान निखिल ने कोर्ट में पन्नू से माफी भी मांगी। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने किए का अफसोस है और वे इसे बदल नहीं सकते। न्यूयॉर्क की सदर्न डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के जज विक्टर मारेरो ने करीब 80 मिनट की सुनवाई के बाद यह फैसला सुनाया। निखिल ने कहा- पन्नू और सिख समुदाय से माफी मांगता हूं निखिल ने कोर्ट में करीब 6 मिनट तक अंग्रेजी में अपनी बात रखी। उन्होंने महात्मा गांधी, मदर टेरेसा, नेल्सन मंडेला और मार्टिन लूथर किंग का जिक्र करते हुए कहा कि वे इन नेताओं के बताए रास्ते पर चलना चाहते थे। इसके बाद उन्होंने पन्नू की तरफ देखकर कहा, “मैंने जो किया, उसे बदल नहीं सकता। मैं पन्नू, सिख समुदाय और इससे जुड़े लोगों से माफी मांगता हूं। मुझे अफसोस है।” बात करते हुए निखिल भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि उनके इस मामले की वजह से उनकी पत्नी, मां और बच्चों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है, जबकि उन्होंने कुछ नहीं किया। पन्नू बोला- 1200 दिन से सामान्य काम नहीं कर पाया सुनवाई के दौरान पन्नू ने भी कोर्ट में अपनी बात रखी। उसने कहा कि हत्या की साजिश का खुलासा होने के बाद से वे 1200 दिनों से ज्यादा समय तक सामान्य तरीके से वकालत का काम नहीं कर पाए हैं। पन्नू ने करीब 20 मिनट तक अपनी बात रखी। इस दौरान जज ने उसे अपनी बात संक्षेप में रखने को कहा, ताकि सुनवाई आगे बढ़ाई जा सके। सुनवाई से पहले पन्नू के कई समर्थक न्यूयॉर्क की अदालत के बाहर जमा हुए थे। उनके पास निखिल गुप्ता और इस मामले से जुड़े दूसरे लोगों के पुतले थे। सुनवाई के दौरान पन्नू भी कोर्ट में मौजूद थे। उनके साथ सिख समुदाय के कई लोग भी आए थे। सजा पूरी होने के बाद अमेरिका से निकाले जाएंगे निखिल कोर्ट ने निखिल को जेल की सजा के बाद निगरानी में रिहाई देने का आदेश नहीं दिया। जज ने कहा कि सजा पूरी होने के बाद उनके खिलाफ अमेरिका से बाहर निकालने की कानूनी प्रक्रिया शुरू होगी। निखिल के वकीलों ने फैसले पर निराशा जताई। उन्होंने कहा कि वे अदालत से कम सजा की उम्मीद कर रहे थे। ऐसे रची गई थी पन्नू की हत्या की साजिश अमेरिकी अदालत में पेश दस्तावेजों के मुताबिक, 2023 में गुप्ता ने भारत और दूसरे देशों में मौजूद लोगों के साथ मिलकर पन्नू की हत्या की साजिश रची थी। इसमें विकास यादव भी शामिल था। आरोप है कि यादव के कहने पर गुप्ता ने एक ऐसे व्यक्ति से संपर्क किया, जिसे वह अपराधी गिरोह से जुड़ा हुआ समझता था। लेकिन वह व्यक्ति अमेरिकी जांच एजेंसी ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) का मुखबिर था। गुप्ता ने उससे न्यूयॉर्क में पन्नू की हत्या के लिए शूटर की व्यवस्था करने को कहा था। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, यादव ने गुप्ता के जरिए उस व्यक्ति को हत्या के लिए 1 लाख डॉलर देने की बात कही थी। 9 जून 2023 के आसपास गुप्ता और यादव ने अपने एक साथी के जरिए 15 हजार डॉलर नकद एडवांस के तौर पर भी भिजवाए थे। विकास यादव अमेरिकी एजेंसियों की पकड़ से बाहर अमेरिका ने अक्टूबर 2024 में विकास यादव को इस केस में आरोपी बनाया था। FBI ने उसका वांटेड पोस्टर भी जारी किया था। माना जा रहा है कि वह भारत में ही है। दिसंबर 2023 में दिल्ली पुलिस ने उसे किडनैपिंग और वसूली के एक दूसरे मामले में गिरफ्तार किया था। अप्रैल 2024 में जमानत मिलने के बाद से वह जेल से बाहर है। भारत सरकार साफ कर चुकी है कि यादव अब सरकारी नौकरी में नहीं है। निखिल गुप्ता को सजा सुनाए जाने से ठीक पहले अमेरिकी वकीलों ने कोर्ट में एक और दावा किया। उनके मुताबिक, मई 2023 में विकास यादव और निखिल गुप्ता नेपाल या पाकिस्तान में एक दूसरे व्यक्ति की हत्या की योजना बना रहे थे। पन्नू केस में NSA डोभाल और पूर्व रॉ चीफ को अमेरिकी समन अमेरिका की न्यूयॉर्क स्थित एक अदालत ने खालिस्तानी अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की कथित साजिश से जुड़े मामले में भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल और पूर्व रॉ प्रमुख सामंत गोयल को समन भेजे हैं। अदालत ने शुक्रवार को फेडएक्स के जरिए ये समन दिल्ली की पटियाला हाउस, तीस हजारी और द्वारका जिला अदालतों को भेजे। अब इन भारतीय अदालतों से समन की तामील कराने में मदद मांगी गई है। न्यूयॉर्क की सदर्न डिस्ट्रिक्ट कोर्ट की जज कैथरीन पोल्क फैला ने 13 नवंबर को हेग कन्वेंशन के तहत डोभाल और गोयल को समन जारी करने का आदेश दिया था। पन्नू ने डोभाल पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया खालिस्तानी संगठन सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) के कानूनी सलाहकार गुरपतवंत सिंह पन्नू ने अपनी हत्या की कथित साजिश को लेकर अमेरिकी अदालत में सिविल मुकदमा दायर किया है। उसने आरोप लगाया है कि डोभाल ने भारत की विदेशी खुफिया एजेंसी के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची थी। पन्नू भारत में कई आतंकी मामलों में वांछित है। पिछले महीने भी अमेरिकी अदालत ने विदेश विभाग के जरिए वॉशिंगटन स्थित भारतीय दूतावास को राजनयिक नोट भेजकर डोभाल और गोयल तक समन पहुंचाने की कोशिश की थी। भारत ने मुकदमे को मनगढ़ंत बताया भारत ने पन्नू के मुकदमे को खारिज किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने 10 नवंबर को कहा था कि भारत अपने वरिष्ठ अधिकारियों पर लगाए गए मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण आरोपों को स्वीकार नहीं करता। उन्होंने कहा था कि भारत में न्यायिक दस्तावेज पहुंचाने का अनुरोध केवल तय केंद्रीय प्राधिकरण यानी कानून और न्याय मंत्रालय के जरिए ही भेजा जा सकता है। ———————– यह खबर भी पढ़ें… बांग्लादेश में विदेश राज्य मंत्री के घर में आग लगाई:कल युनूस का घर जलाया था; PM ने हिंसा के लिए हसीना को जिम्मेदार ठहराया बांग्लादेश में विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर के घर पर शुक्रवार को पेट्रोल बम फेंककर आग लगा दी गई। घटना के समय हुमायूं कबीर वहां मौजूद नहीं थे। घटना के बाद आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

