पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने रविवार को आतंकवाद के मुद्दे पर कहा है कि भारत और पाकिस्तान अपने-अपने सबूत लेकर आएं और इस पर बातचीत करें। दिल्ली में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि पाकिस्तान भारत के साथ सभी जरूरी मुद्दों पर बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन भारत को पहले औपचारिक न्योता देना होगा। उन्होंने कहा भारत की ओर से उन्हें अब तक द्विपक्षीय बातचीत का न्योता नहीं मिला है। वे शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के कार्यक्रम में शामिल होने भारत आए हैं। ‘आतंकवाद से पाकिस्तान को भी नुकसान हुआ’ आतंकवाद पर सवाल पूछे जाने पर मलिक ने कहा कि इस मुद्दे पर सबूतों के आधार पर और तय तरीके से बात होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आतंकवाद से कई देशों को नुकसान हुआ है और पाकिस्तान ने भी इसमें अपने कई लोगों को खोया है। उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान कई बार अलग-अलग मंचों पर आतंकवाद से जुड़े सबूतों पर बातचीत की पेशकश कर चुका है। उनके मुताबिक, इस मुद्दे पर दोनों देशों के बीच या कई देशों की मौजूदगी में चर्चा हो सकती है। उन्होंने कहा, “आप अपने सबूत लेकर आइए और हम अपने सबूत लेकर आएंगे।” सिंधु जल संधि पर भी चर्चा की बात कही मलिक से सिंधु जल संधि पर दिए गए उनके विवादित बयान को लेकर भी सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा कि भारत ने उन्हें इस संधि पर बातचीत के लिए नहीं बुलाया है। अगर भारत इस मुद्दे पर चर्चा का प्रस्ताव देता है, तो वे इसके लिए तैयार हैं। दरअसल, मुसादिक मलिक के जून में दिए एक बयान में भारत को सिंधु नदी के पानी को लेकर धमकी दी थी। भारत ने 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम आतंकी हमले के बाद सिंधु जल संधि को स्थगित कर दिया था। इसके विरोध में मलिक ने कहा था. अगर कोई हमारे हिस्से के पानी पर हाथ डालने की कोशिश करेगा, तो हम उसका हाथ काट देंगे। मलिक ने रविवार को दोहराया कि उनका भारत दौरा सिर्फ SCO के बहुपक्षीय कार्यक्रम में शामिल होने के लिए था। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार कोई पाकिस्तानी मंत्री भारत आया पाकिस्तान के जलवायु मंत्री मुसादिक मसूद मलिक 20 से 22 नवंबर तक भारत दौरे पर आए थे। वे नई दिल्ली में हुई शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। भारत ने SCO का सदस्य होने के नाते पाकिस्तान को इस कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता दिया था। इसके लिए पिछले महीने पाकिस्तान के राष्ट्रीय विरासत और संस्कृति मंत्री औरंगजेब खान खिची को आमंत्रित किया गया था। ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह पहली बार था, जब पाकिस्तान का कोई मंत्री भारत आया हो। इससे पहले मई 2023 में पाकिस्तान के तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी SCO की बैठक में शामिल होने गोवा आए थे। ———————– यह खबर भी पढ़ें… ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान का साथ देना चीन की रणनीति: अमेरिकी रिपोर्ट- भारत की तरक्की को चुनौती मानता है, LAC पर सैन्य गतिविधियां भी बढ़ाईं ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान का साथ देना चीन की रणनीति का हिस्सा था। चीन भारत की बढ़ती आर्थिक और सैन्य ताकत को अपने लिए चुनौती मानता है। अमेरिकी संसद के एक आयोग की रिपोर्ट में यह बातें कही गई हैं। पूरी खबर पढ़ें…

