इजराइली हमले में हमास कमांडर, पत्नी-दो बच्चों की मौत:हेलिकॉप्टर से अपार्टमेंट पर मिसाइल दागी; 24 घंटे में दूसरा बड़ा सुरक्षा अधिकारी मारा गया

इजराइल ने बुधवार सुबह गाजा में हमास के एक बड़े कमांडर मोहम्मद अबुएलौफ के अपार्टमेंट पर मिसाइल से हमला किया। हमले में अबुएलौफ समेत उनकी पत्नी और दो बच्चों की मौत हो गई। रॉयटर्स के मुताबिक अबुएलौफ हमास के आंतरिक सुरक्षा विभाग में अफसर थे। इजराइल की सेना ने हेलिकॉप्टर से गाजा में बीच रिफ्यूजी कैंप के अपार्टमेंट पर मिसाइल दागी थी। हमले में अपार्टमेंट पूरी तरह तबाह हो गया। पिछले 24 घंटे में हमास के दूसरे बड़े कमांडर की इजराइली हमले में मौत हुई है। मंगलवार को इजराइली सेना ने इसी विभाग के प्रमुख नईम अबू नाहेल को मार दिया था। हमले के बाद की 2 तस्वीरें सीजफायर के बावजूद गाजा में हमले जारी 7 अक्टूबर 2023 को हमास ने इजराइल में बॉर्डर एरिया पर एक म्यूजिक फेस्टिवल के दौरान हमला किया था। इस हमले में करीब 1200 लोग मारे गए थे, जबकि 251 को बंधक बना लिया गया था। हमास ने इसे ‘अल-अक्सा फ्लड’ ऑपरेशन नाम दिया था। इसके जवाब में इजराइल ने कुछ घंटे बाद हमास के खिलाफ ‘सोर्ड्स ऑफ आयरन’ ऑपरेशन शुरू किया था। अक्टूबर 2025 में इजराइल और हमास के बीच सीजफायर लागू हुआ था। लेकिन इसके बावजूद इजराइल के हमले जारी हैं। इजराइल इन हमलों को हमास के खिलाफ कार्रवाई बताता है। हालांकि, इनमें बड़ी संख्या में आम लोग भी मारे गए हैं। सीजफायर लागू होने के बाद से अब तक कम से कम 1600 फिलिस्तीनी और पांच इजराइली सैनिक मारे जा चुके हैं। 2026 में मारे गए हमास से जुड़े लोग 15 मई 2026, इज्ज अल-दीन अल-हद्दाद: हमास की मिलिट्री विंग का प्रमुख था। इजराइल के मुताबिक, उसने 7 अक्टूबर के हमले की योजना बनाने और उसे अंजाम देने में अहम भूमिका निभाई थी। गाजा सिटी में इजराइली हवाई हमले में उसकी मौत हुई। 26 मई 2026, मोहम्मद ओदेह: हमास की मिलिट्री इंटेलिजेंस यूनिट का प्रमुख था। सेना के मुताबिक, उसने 7 अक्टूबर के हमले के दौरान इजराइल में घुसने और ठिकानों को निशाना बनाने की योजना तैयार करने में मदद की थी। उत्तरी गाजा में हवाई हमले में मारा गया। 10 सितंबर 2026, मोहम्मद अब्देल सलाम अल-याजूरी: हमास की सीनियर लीडरशिप कांउसिल का सदस्य और खान यूनिस ब्रिगेड का कमांडर था। हमास ने कहा कि 7 अक्टूबर के हमले की योजना बनाने में उसकी अहम भूमिका थी। 26 सितंबर 2026, साहेर निदाल लत्फी: इजराइली सेना ने गाजा के नुसेरात इलाके में हवाई हमला कर उसे मार गिराया। सेना के मुताबिक 7 अक्टूबर 2023 को हमास के लड़ाकों ने नोआ अर्गमानी और उनके साथी अविनातन ओर को अगवा किया था। उस समय लत्फी ही मोटरसाइकिल चला रहा था। इजराइल का आरोप था कि लत्फी हमास के लिए हथियार पहुंचाता था। वह नए हमलों की तैयारी में भी शामिल था। 14 नवंबर 2026, कमांडर समीर अबू यूनिस: इजराइल ने गाजा में हमास के टॉप कमांडर समीर अबू यूनिस को हवाई हमले में मार गिराया। वह खान यूनिस के अल-मवासी इलाके में सड़क पर चल रहा था तभी इजराइली सेना ने एयरस्ट्राइक की। यूनिस 7 अक्टूबर 2023 को इजराइल पर हुए हमले की योजना बनाने और उसकी निगरानी करने वाले प्रमुख कमांडरों में शामिल था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *