अलीगढ़। गभाना क्षेत्र के वीरपुरा विद्युत उपकेन्द्र पर तैनात जूनियर इंजीनियर (जेई) पर किसान से कथित रूप से रिश्वत लेने के आरोप के बाद किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। भारतीय किसान यूनियन (भानु) के नेतृत्व में किसानों ने वीरपुरा बिजलीघर पर तालाबंदी कर करीब चार घंटे तक धरना-प्रदर्शन किया और विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र के किसान मंगू चौधरी से बिजली संबंधी स्टीमेट के नाम पर जेई कुलविंदर द्वारा कथित रूप से पैसे लिए गए। किसान ने बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। ऑडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र के किसानों में भारी आक्रोश फैल गया।
पीड़ित किसान ने मामले की जानकारी भाकियू (भानु) के युवा जिलाध्यक्ष कृष्णा ठाकुर को दी। इसके बाद संगठन के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में किसानों ने सुबह करीब 10 बजे वीरपुरा विद्युत उपकेन्द्र पहुंचकर तालाबंदी कर दी और धरने पर बैठ गए। दोपहर करीब 2 बजे तक बिजलीघर का घेराव जारी रहा।
मौके पर पहुंचे एसडीओ निशांत कुमार और थाना प्रभारी गभाना को किसानों ने एक्सईएन के नाम 7 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जेई के खिलाफ रिश्वत लेने के आरोप में विभागीय कार्रवाई, शासनादेश के अनुसार नलकूपों को बिना कटौती 10 घंटे तथा ग्रामीण क्षेत्रों को 18 घंटे बिजली आपूर्ति, चिलावटी फीडर को वीरपुरा से अलग करने, सप्ताह में दो दिन बिल संशोधन शिविर लगाने, फुंके ट्रांसफार्मर को 48 घंटे के भीतर बदलने और मनकामेश्वर सिद्धनाथ भूमिया बाबा आश्रम से बिजली लाइन शिफ्ट कराने सहित अन्य मांगें शामिल थीं।
एसडीओ निशांत कुमार ने किसानों की सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद लगभग चार घंटे तक चला धरना-प्रदर्शन समाप्त हुआ।
धरने में युवा जिलाध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ. शिवम जादौन, महानगर अध्यक्ष शेर खान, प्रदेश सचिव मनोज मित्तल, जिला उपाध्यक्ष पवन दक्ष सहित बड़ी संख्या में भाकियू (भानु) के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय किसान मौजूद रहे।

template (1)

template