सीएनजी पंप पर घटतौली का आरोप:ट्रक चालक ने किया हंगामा, पुलिस ने मामला शांत कराया

बागपत शहर कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली-सहारनपुर रोड किनारे स्थित एक सीएनजी पंप पर शनिवार शाम जमकर हंगामा हुआ। एक ट्रक चालक ने सीएनजी में घटतौली का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। मौके पर बड़ी संख्या में अन्य वाहन चालक भी जमा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को शांत कराया और दोनों पक्षों को कोतवाली बुलाया। ट्रक चालक का आरोप है कि उसके ट्रक में 3100 रुपये की सीएनजी भरी गई थी, जबकि मशीन में 3800 रुपये दर्शाए गए। इस तरह उसे 700 रुपये का नुकसान हुआ। चालक ने यह भी आरोप लगाया कि पंप पर काफी समय से घटतौली की जा रही है।
यह घटना शनिवार शाम करीब 5 बजे की है, जब ट्रक चालक सीएनजी भरवाने के लिए पंप पर पहुंचा था। घटतौली के आरोप के बाद अन्य वाहन चालक भी मौके पर इकट्ठा हो गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। कस्बा चौकी प्रभारी शिव कुमार ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गहन छानबीन की जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *