एटा जिले के अवागढ़ कोतवाली में तैनात एक होमगार्ड की ड्यूटी जाते समय अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें गंभीर हालत में टूंडला के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मीसा कलां, अवागढ़ निवासी 58 वर्षीय शीलेन्द्र पाल सिंह पुत्र रामगोपाल शनिवार देर शाम अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें चक्कर आए और वे गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तत्काल उनके परिजनों को सूचना दी।
परिजन शीलेन्द्र पाल सिंह को गंभीर अवस्था में टूंडला के एफएच अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर अवागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया। शनिवार देर शाम 7:30 बजे मौत की सूचना मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और घर में मातम पसरा हुआ है। मृतक के बेटे प्रवीण पाराशर ने बताया कि उनके पिता ड्यूटी पर जा रहे थे तभी उन्हें चक्कर आए और अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। थाना प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि होमगार्ड पहले से बीमार चल रहे थे और अचानक तबीयत बिगड़ने से उनकी मौत हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूर्ण कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

