LDA IIT रूड़की की सर्वे रिपोर्ट पर करेगा काम:85 करोड़ रूपये की लागत से नालों का होगा सुदृढ़ीकरण ,विनम्र खण्ड में 2 एकड़ में बनेगा कम्यूनिटी सेंटर और पार्क

लखनऊ में शनिवार को एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने विकास कार्यों का निरीक्षण किया। जल्द हीगोमती नगर और गोमती नगर विस्तार में जलभराव की समस्या से लोगों को बड़ी राहत मिलने वाली है। LDA ने आई.आई.टी रूड़की की सर्वे रिपोर्ट के मुताबिक लगभग 85 करोड़ रूपये की लागत से नालों के सुदृढ़ीकरण का कार्य शुरू करा दिया है। 3 किलोमीटर लंबे नाले का सुदृढ़ीकरण उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि गोमती नगर के विनय खण्ड में हुसड़िया चौराहे से दयाल पैराडाइज चौराहे के बीच लगभग 3 किलोमीटर लंबे नाले के सुदृढ़ीकरण का कार्य कराया जा रहा है। इसके अंतर्गत आरसीसी नाले के निर्माण के साथ क्षमता में वृद्धि कराई जा रही है। यह कार्य लगभग 63 करोड़ रूपये की लागत से कराया जा रहा है, जिसमें अभी तक 300 मीटर लंबाई में नाले का निर्माण कार्य पूर्ण करा दिया गया है। इसी तरह विनीत खण्ड में हैनीमैन चौराहे से हुसड़िया चौराहे के बीच लगभग 13 करोड़ रूपये की लागत से 1.4 किलोमीटर लंबे नाले की क्षमता वृद्धि का कार्य शुरू करा दिया गया है। 2 किलोमीटर लंबे आरसीसी नाले का निर्माण विराज खण्ड और विनम्र खण्ड में लगभग 2 किलोमीटर लंबे स्ट्रेच में आरसीसी नाले के निर्माण और क्षमता वृद्धि का काम कराया जा रहा है। इस क्रम में विभूति खण्ड में हाईकोर्ट के पास जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 40 लाख रूपये की लागत से सम्पवेल विकसित किया गया है। इससे गोमती नगर और गोमती नगर विस्तार की लगभग 15 लाख की आबादी को बरसात में जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। विनम्र खण्ड में कम्यूनिटी सेंटर एवं पार्क विनम्र खण्ड में लखनऊ पब्लिक स्कूल के पास लगभग 2 एकड़ क्षेत्रफल में कम्यूनिटी सेंटर एवं पार्क का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इसमें 04 करोड़ रूपये की धनराशि खर्च की जाएगी। उपाध्यक्ष ने मौके का निरीक्षण करके दिसम्बर, 2026 तक विकास कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिये। इस दौरान उपाध्यक्ष ने मैक्स हॉस्पिटल के पास खाली पड़ी लगभग डेढ़ लाख वर्गफिट अर्जित भूमि का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिये कि रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक करके जमीन के सम्बंध में प्रस्ताव तैयार कराया जाए। पुलिस मुख्यालय के पास सड़क की मरम्मत होगी उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-7 में पुलिस मुख्यालय के पीछे स्थित 45 मीटर चौड़ी मास्टर प्लान रोड का भी निरीक्षण किया। सड़क कई जगह क्षतिग्रस्त पाई गई। जिस पर उपाध्यक्ष ने शीघ्र टेंडर कराकर सड़क की मरम्मत कराने के निर्देश दिये। इसके बाद उन्होंने मलेशेमऊ में ग्रुप हाउसिंग भूखण्डों का निरीक्षण किया। यहां सड़क, सीवर लाइन आदि के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये। इस मौके पर मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह, उप सचिव माधवेश कुमार, अधिशासी अभियंता अजीत कुमार समेत अन्य अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *