देवरिया में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने मंगलवार सुबह भटनी विकासखंड के रुपई स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पठन-पाठन व्यवस्था, छात्राओं की उपस्थिति, उपस्थिति पंजिका, अभिलेखीय व्यवस्थाओं और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने और छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं की डिजिटल उपस्थिति की समीक्षा की और कहा कि किसी भी छात्रा का ड्रॉपआउट नहीं होना चाहिए। उन्होंने कक्षा छह और कक्षा आठ की छात्राओं से संवाद किया, उनसे पाठ्यपुस्तक पढ़वाई और विषय से संबंधित प्रश्न पूछकर उनकी शैक्षणिक प्रगति का आकलन किया। उन्होंने शिक्षकों को नियमित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने विद्यालय के रसोईघर, कक्षाओं और अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय की वार्डन ने भवन में सीलन और बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से अवगत कराया। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय विद्यालय के लगभग सभी शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

