वर्ल्ड अपडेट्स:भारत-नेपाल सीमा के पास सांप्रदायिक झड़प, युवक की मौत; लाउडस्पीकर और धार्मिक झंडे को लेकर विवाद

भारत-नेपाल सीमा से लगे नेपाल के सुनसरी जिले में रविवार रात दो धार्मिक समुदायों के बीच झड़प हो गई। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें 24 साल के ओम प्रकाश मेहता की मौत हो गई। एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। इनमें सुरक्षाकर्मी भी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, झड़प देवगंज ग्रामीण नगर पालिका के कप्तानगंज इलाके में हुई। दोनों समुदाय वहां अलग-अलग धार्मिक कार्यक्रम कर रहे थे। इसी दौरान लाउडस्पीकर बजाने और धार्मिक झंडे लगाने को लेकर कहासुनी हुई। देखते ही देखते मामला हिंसा में बदल गया। घटना के बाद प्रशासन ने सोमवार सुबह 7 बजे से 5 बाजार इलाकों में अनिश्चितकाल के लिए प्रतिबंध लगा दिया है। अब इन इलाकों में 4 से ज्यादा लोग एक साथ नहीं जुट सकेंगे। जुलूस, प्रदर्शन, धरना और सार्वजनिक सभाओं पर भी रोक लगा दी गई है। पुलिस का कहना है कि इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। स्थिति पर नजर रखी जा रही है। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… अमेरिका के सिएटल फूड फेस्टिवल में फायरिंग; 2 की मौत, 5 घायल अमेरिका के सिएटल में रविवार शाम ‘बाइट ऑफ सिएटल’ फूड फेस्टिवल के दौरान हुई फायरिंग में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हो गए। घायलों में 2 साल का बच्चा भी शामिल है। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है और मामले की जांच कर रही है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है। फायरिंग शाम करीब 6 बजे हुई, जब फेस्टिवल खत्म होने वाला था। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कई वेंडर अपने स्टॉल छोड़कर भाग गए। फायर विभाग के मुताबिक, घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें एक 56 वर्षीय महिला की हालत गंभीर है, जबकि 2 साल का बच्चा, एक 23 वर्षीय युवक और 39 वर्षीय महिला की हालत स्थिर बताई गई है। वॉशिंगटन के गवर्नर बॉब फर्ग्यूसन ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि राज्य पुलिस की SWAT टीम स्थानीय पुलिस की मदद कर रही है। पुलिस ने लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *