ट्रम्प की मीडिया कंपनी को 2200 करोड़ रुपए का घाटा:3 महीने में सिर्फ 16 करोड़ की कमाई, 6 महीने में 6 हजार करोड़ का नुकसान

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की मीडिया कंपनी ट्रम्प मीडिया एंड टेक्नोलॉजी ग्रुप (TMTG) को अप्रैल-जून 2026 में 2,261 करोड़ रुपए का घाटा हुआ। इस दौरान कंपनी की कुल कमाई सिर्फ 16.15 करोड़ रुपए रही। जनवरी से जून 2026 के बीच TMTG का कुल नेट लॉस 6,118 करोड़ रुपए रहा। इस दौरान कंपनी की कुल कमाई सिर्फ 23.75 करोड़ रुपए थी। यानी छह महीने में कंपनी का घाटा उसकी कुल कमाई से करीब 258 गुना रहा। कंपनी ने अमेरिकी सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन (SEC) को दी रिपोर्ट में बताया कि तीन महीने का घाटा पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले काफी बढ़ा है। डिजिटल एसेट्स से 1,800 करोड़ का नुकसान TMTG के घाटे की सबसे बड़ी वजह डिजिटल एसेट्स और शेयरों की कीमत में गिरावट रही। इनकी वैल्यू घटने से कंपनी ने करीब 1,809 करोड़ रुपए का नुकसान दर्ज किया। इसके अलावा 111 करोड़ रुपए ब्याज और 77 करोड़ रुपए शेयर आधारित भुगतान का खर्च आया। वहीं, कंपनी की कमाई बेहद कम रही। अप्रैल-जून में करीब 13.6 करोड़ रुपए विज्ञापन और 1.7 करोड़ रुपए सब्सक्रिप्शन से मिले। TMTG का मुख्य प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल है। इसके अलावा कंपनी ट्रुथ+ वीडियो स्ट्रीमिंग और Truth.Fi फिनटेक कारोबार चलाती है। पिछले एक साल में कंपनी ने क्रिप्टोकरेंसी कारोबार में भी विस्तार किया है। ट्रुथ सोशल की विजिट एक तिहाई से ज्यादा घटी ट्रम्प ने 2022 में ट्रुथ सोशल शुरू किया था। यह उनका अपना सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म है। लेकिन यह X और फेसबुक जितना बड़ा नहीं बन पाया है। न्यूयॉर्क टाइम्स ने ऑनलाइन आंकड़े जुटाने वाली कंपनी सिमिलरवेब की रिपोर्ट के हवाले से बताया कि जुलाई 2026 में ट्रुथ सोशल की वेबसाइट पर आने वाले लोगों की संख्या पिछले साल के मुकाबले एक तिहाई से ज्यादा घट गई। TMTG के शेयर अमेरिकी शेयर बाजार नैस्डैक पर DJT नाम से बिकते और खरीदे जाते हैं। कंपनी के खराब नतीजे सामने आने के बाद सोमवार को इसके शेयर करीब 8% गिर गए। ट्रम्प की पोस्ट जल्दी पाने के लिए कंपनियां दे रही हैं लाखों रुपए TMTG ने 1 अगस्त से ट्रुथ API नाम की सर्विस शुरू की है। आसान भाषा में समझें तो यह कंपनियों को ट्रम्प की ट्रुथ सोशल पोस्ट सीधे और जल्दी पहुंचाने का काम करती है। कंपनी के अंतरिम CEO केविन मैकगर्न के मुताबिक, अब तक 10 कंपनियां यह सर्विस ले चुकी हैं। इसके लिए वे हर महीने करीब 57 लाख से 95 लाख रुपए तक दे रही हैं। कंपनियां ट्रम्प की पोस्ट इतनी जल्दी क्यों देखना चाहती हैं? क्योंकि ट्रम्प की कई पोस्ट का शेयर बाजार पर तुरंत असर पड़ सकता है। जैसे, अगर वे किसी देश पर नया टैरिफ लगाने की बात पोस्ट करते हैं, तो उस देश या उससे जुड़ी कंपनियों के शेयरों में तेजी या गिरावट आ सकती है। ऐसे में ट्रम्प की पोस्ट दूसरों से पहले मिल जाए, तो कंपनियों को बाजार में फैसला लेने के लिए कुछ समय पहले मिल सकता है। ———————- ट्रम्प से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… ईरान के डर से ट्रम्प ने सीक्रेट फ्लाइट ली थी:तुर्किये में एयरफोर्स वन में बैठने का दिखावा किया, फिर सामान वाली गाड़ी से दूसरे प्लेन में पहुंचे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने पिछले महीने तुर्किये से ब्रिटेन जाने के लिए सीक्रेट रूप से एक छोटे मिलिट्री विमान का इस्तेमाल किया था। वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान से ट्रम्प की हत्या की धमकी मिलने के बाद उनकी यात्रा का पूरा प्लान बदला गया था। पूरी खबर यहां पढ़ें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *