नेपाल के हिमालय में हिमस्खलन, 4 की मौत, 12 लापता:बेस कैंप में सो रहे लोगों पर बर्फ गिरी; रेस्क्यू टीम 24 घंटे बाद पहुंची

नेपाल के मनांग जिले में 7,126 मीटर ऊंचे हिमलुंग हिमाल पर रविवार को हिमस्खलन हो गया। हादसे के समय गाइड और उनके साथ काम करने वाले लोग एक टेंट में सो रहे थे। हिमस्खलन की चपेट में आने से टेंट बर्फ के नीचे दब गया। हादसे में अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 12 लोग लापता हैं। हादसे के बाद रविवार को ही बचाव दल के कुछ सदस्य मौके पर पहुंच गए थे और दो शव बरामद कर लिए थे। हालांकि खराब मौसम और उड़ान में दिक्कत के कारण पूरी टीम बेस कैंप तक नहीं पहुंच सकी। सोमवार सुबह हेलिकॉप्टर से बाकी बचावकर्मियों को बेस कैंप पहुंचाया गया। हिमलुंग हिमाल पर रेस्क्यू की 5 तस्वीरें चढ़ाई की तैयारी में जुटे थे गाइड और वर्कर जिस टेंट पर हिमस्खलन गिरा, उसमें कुल 22 लोग मौजूद थे। इनमें 9 पर्वतारोही और 13 लोग सपोर्ट स्टाफ के थे। ये लोग आने वाले पर्वतारोहण सीजन की तैयारी के लिए वहां पहुंचे थे। उनका काम चढ़ाई का रास्ता तैयार करना, रस्सियां लगाना और बेस कैंप तैयार करना था। हिमस्खलन के बाद 12 लोग लापता हो गए। ऊंचे पहाड़ों की चढ़ाई के लिए हिमलुंग में ट्रेनिंग लेते हैं पर्वतारोही हिमलुंग हिमाल 7,126 मीटर ऊंचा है और तिब्बत सीमा के पास स्थित है। यह इलाका काफी दूरदराज है, इसलिए यहां पहुंचना आसान नहीं है। एवरेस्ट और मनास्लू जैसी 8,000 मीटर से ऊंची चोटियों पर चढ़ने वाले पर्वतारोही यहां आकर कम ऑक्सीजन और ज्यादा ऊंचाई में अपने शरीर को ढालने की तैयारी करते हैं। हिमलुंग पर चढ़ाई कुछ दूसरी बड़ी चोटियों के मुकाबले कम मुश्किल मानी जाती है। फिर भी यहां पर्वतारोहियों को बर्फीली ढलानों पर फिक्स्ड रोप, जुमार और क्रैम्पॉन के साथ चढ़ने का अच्छा अभ्यास मिलता है। यानी बड़ी और ज्यादा ऊंची चोटियों पर जाने से पहले यहां चढ़ाई के जरूरी तरीकों को आजमाने का मौका मिलता है। बेस कैंप से शिखर तक 3 पड़ाव हिमलुंग का बेस कैंप करीब 4,900 मीटर की ऊंचाई पर होता है। इसके बाद शिखर तक पहुंचने के लिए आमतौर पर तीन कैंप बनाए जाते हैं। कैंप 1: करीब 5,450 मीटर कैंप 2: करीब 6,000 मीटर कैंप 3: करीब 6,350 मीटर कैंप 3 के बाद पर्वतारोही शिखर की अंतिम चढ़ाई शुरू करते हैं। ————————- ये खबर भी पढ़ें… नेपाल में फिर से बाढ़-लैंडस्लाइड, 21 की मौत: घर-पुल बहे, हाईवे बंद नेपाल में लगातार बारिश के बीच बाढ़ और भूस्खलन से हालात बिगड़ गए हैं। अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *