भारतीय पायलट ने विमान क्रैश होने से बचाया:चाकू से हमला कर रहे को-पायलट से लड़ा, इजराइल जा रही फ्लाइट की सऊदी में इमरजेंसी लैंडिंग

दुबई से इजराइल जा रही फ्लाइट को हाईजैक कर क्रैश कराने की कोशिश हुई। को-पायलट ने साथी पायलट पर चाकू से हमला किया और विमान का कंट्रोल अपने हाथ में लेने की कोशिश की। पीटीआई ने इजराइली मीडिया के हवाले से बताया कि भारतीय पायलट ने हमलावर को-पायलट को रोकने की कोशिश की और विमान को क्रैश होने से बचाया। दूसरे साथियों और यात्रियों की मदद से हमलावर पर काबू पाया। हमलावर ओमानी नागरिक था। फ्लाई दुबई की फ्लाइट में बुधवार सुबह करीब 9 बजे यह घटना हुई। इस वजह से 1 मिनट के अंदर विमान करीब 17 हजार फीट नीचे आ गया। इसके बाद विमान से हाईजैक का अलर्ट भेजा गया। इजराइल ने तुरंत फाइटर जेट्स रवाना किए। उनकी निगरानी में फ्लाइट का रास्ता बदला गया और उसे सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। फ्लाइट में करीब 180 यात्री सवार थे, जिनमें लगभग 150 इजराइली नागरिक थे। विमान के अंदर की 5 तस्वीरें… 7 पॉइंट्स में जानिए विमान में क्या-क्या हुआ 1. पहले इमरजेंसी, फिर हाईजैक का अलर्ट विमान ने पहले 7700 कोड भेजा। इसका मतलब होता है कि विमान में कोई इमरजेंसी है। कुछ ही सेकंड बाद विमान ने 7500 कोड भेजा। यह कोड विमान में हाईजैक का है। 2. प्लेन 1 मिनट में 17 हजार फीट नीचे आया फ्लाइट रडार मुताबिक, विमान सिर्फ दो मिनट में 34 हजार फीट से घटकर 16,600 फीट की ऊंचाई पर आ गया। इसके बाद विमान ने अपना रास्ता बदला और सऊदी अरब के ताबुक की ओर चला गया। 3. कॉकपिट में पायलटों के बीच झगड़ा हुआ शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विमान के कॉकपिट में पायलट और को-पायलट के बीच झगड़ा हुआ था। इसी दौरान विमान से इमरजेंसी सिग्नल भेजे गए। हालांकि, दोनों के बीच झगड़ा किस बात पर शुरू हुआ था, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। 4. यात्रियों ने कॉकपिट में घुसकर हमलावर को रोका इजराइली मीडिया रिपोर्ट्स में चश्मदीदों के हवाले से दावा किया गया कि झगड़ा तब शुरू हुआ, जब एक पायलट ने विमान को जमीन की तरफ मोड़कर क्रैश करने की कोशिश की। जब विमान नीचे गिरने लगा तो आगे बैठे कुछ इजराइली यात्री कॉकपिट की तरफ दौड़े। उन्होंने हमलावर पायलट से लड़कर उसे कॉकपिट से बाहर निकाला। यात्री के मुताबिक, विमान में सादे कपड़ों में दो और पायलट भी मौजूद थे। उनमें से एक पायलट ने विमान का कंट्रोल संभाला। 5. घायल पायलट की जान बचाने की कोशिश मिरियम नाम की एक यात्री ने बताया कि उसने कॉकपिट से चीखने की आवाजें सुनी थीं। दरवाजा खुलने पर उसने एक पायलट को घायल हालत में देखा। उसके हाथ में फोल्डिंग चाकू था और हर तरफ खून बिखरा हुआ था। एक यात्री के मुताबिक, चाकू से घायल पायलट की हालत गंभीर थी। विमान में मौजूद एक इजराइली डेंटिस्ट ने उसका इलाज किया और उसकी जान बचाने में मदद की। 6. इजराइल ने फाइटर जेट भेजे, ताबुक में हुई लैंडिंग हाईजैक का अलर्ट मिलने के बाद इजराइली एयरफोर्स ने फाइटर जेट भेजे और देश का सुरक्षा अलर्ट बढ़ा दिया गया। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सुरक्षा अधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद फ्लाइट का रास्ता बदलकर सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट पर लैंडिंग कराई गई। इजराइल ने कुछ समय के लिए अपना एयरस्पेस भी बंद कर दिया था। 7. इजराइल में मामले की जांच शुरू, आतंकी हमले का दावा भी जेरूशलम पोस्ट के मुताबिक, इजराइल की सुरक्षा एजेंसियां इस घटना को संभावित आतंकी हमले के एंगल से भी देख रही हैं। इस घटना की जांच में शिन बेट, मोसाद, इजराइली सेना और परिवहन मंत्रालय समेत कई एजेंसियां शामिल हैं। कैप्टन और को-पायलट दोनों घायल, अस्पताल में भर्ती सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट ने बताया कि फ्लाईदुबई की फ्लाइट के कैप्टन और को-पायलट दोनों घायल हुए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दो इजराइली अधिकारियों के मुताबिक, फ्लाइट का को-पायलट ओमानी नागरिक था और वही घटना में हमलावर था। अभी यह साफ नहीं है कि उसे इजराइल जाने वाली फ्लाइट उड़ाने की मंजूरी कैसे मिली। जांच का एक बड़ा सवाल यह है कि फ्लाइट के क्रू में ओमान का पायलट कैसे शामिल हुआ, जबकि ओमान और इजराइल के बीच राजनयिक संबंध नहीं हैं। इजराइल में प्रधानमंत्री-रक्षा मंत्री की इमरजेंसी बातचीत हिब्रू मीडिया के मुताबिक, प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री ने भी मामले को लेकर इमरजेंसी बातचीत की। इस दौरान विमान की स्थिति और उसमें सवार यात्रियों को लेकर जानकारी जुटाई गई। चैनल 12 से इजराइल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि फ्लाईदुबई की इस फ्लाइट में बहुत बड़ी अनहोनी होने से बच गई। अगर पायलट पर समय रहते काबू नहीं पाया होता तो यह 2001 में हुए अमेरिका के 9/11 जैसी घटना हो सकती थी। —————————- ये खबर भी पढ़ें… जिनपिंग के बॉडीगार्ड की पहचान उजागर: व्हाइट हाउस की गेस्ट लिस्ट में नाम-पद सामने आया चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ कई साल से एक अधिकारी विदेश दौरों और बड़ी बैठकों में नजर आता रहा है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *