दुष्कर्म के आरोपी ई-रिक्शा चालक को पुलिस मुठभेड़ में गोली लगी है। तमंचा और बाइक बरामद किए गए हैं। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया
सस्ता होटल दिलाने के बहाने एक महिला को झांसे में लेकर उसके साथ दुष्कर्म करने वाले ई-रिक्शा चालक को बन्नादेवी पुलिस और सिटी एसओजी की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल भेजा गया है। वहीं उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। झांसा देकर होटल ले गया और किया दुष्कर्म
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला ने थाना बन्नादेवी में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि देर रात वह रुकने के लिए होटल तलाश रही थी। इसी दौरान एक ई-रिक्शा चालक उसके पास आया और सस्ते होटल की जानकारी देते हुए उसे बन्नादेवी क्षेत्र के नीलकंठ होटल ले गया। होटल में कमरा दिलाने के बाद जब वह महिला से ई-रिक्शा का भाड़ा ले रहा था, तभी उसने जबरन कमरे में घुसकर अंदर से कुंडी लगा ली और महिला के साथ बलात्कार की वारदात को अंजाम दिया।

