गोरखपुर में बासगांव इलाके के ठठउर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में गुरुवार दोपहर 1:00 बजे मेधावी छात्र-छात्राओं को ‘स्व. रामआधारे लाल श्रीवास्तव प्रतिभा सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम स्वर्गीय रामआधारे लाल श्रीवास्तव की पुण्यतिथि पर आयोजित हुआ। इसमें कक्षा 1 से 5 तक प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र और पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। सम्मान मिलने पर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रेरित करना और शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बढ़ाना था।
शिक्षा से ही समाज आगे बढ़ सकता है कार्यक्रम के आयोजक राकेश कुमार श्रीवास्तव और हर्ष श्रीवास्तव ने कहा कि स्वर्गीय रामआधारे लाल श्रीवास्तव हमेशा शिक्षा को सबसे बड़ी ताकत मानते थे। उनका मानना था कि पढ़ाई से ही समाज में बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा सम्मान का उद्देश्य बच्चों को आगे बढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित करना है। शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष युगेश कुमार शुक्ल ने कहा कि किसी व्यक्ति को सच्ची श्रद्धांजलि उसके विचारों और अच्छे कार्यों को आगे बढ़ाकर ही दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि श्रीवास्तव परिवार का यह प्रयास सराहनीय है। इससे बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित होते हैं। प्रधानाध्यापक का भी किया गया सम्मान कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक नूर आलम ने की। उन्होंने कहा कि इस तरह के सम्मान समारोह से बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ती है और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। इस दौरान श्रीवास्तव परिवार ने विद्यालय के विकास में योगदान के लिए इंचार्ज प्रधानाध्यापक नूर आलम को भी सम्मानित किया। इन विद्यार्थियों को मिला प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम में कक्षा 1 के हर्ष कुमार, कक्षा 2 के अंकुश प्रताप, कक्षा 3 की वैष्णवी चौहान, कक्षा 4 की शिखा यादव और कक्षा 5 की काव्या वर्मा को प्रथम स्थान के लिए सम्मानित किया गया। द्वितीय स्थान पर संयोगिता, अनुष्का, राजू, रितिका और सृष्टि यादव को पुरस्कार मिले। वहीं तृतीय स्थान पर मोहम्मद अनस, अंकुल, अंजली, स्वीटी गौतम और सुजीता गुप्ता को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में हर्ष श्रीवास्तव ने सभी शिक्षकों, अभिभावकों और अतिथियों का धन्यवाद दिया। इस अवसर पर शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष युगेश कुमार शुक्ल, शिक्षक राजकुमार, अंजू सिंह, नीलम यादव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अनीता भारती, अध्यापक हृदेश कुमार मिश्र, दिलीप श्रीवास्तव सहित कई शिक्षक, अभिभावक और ग्रामीण मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम का माहौल उत्साह और सम्मान से भरा रहा।

