अलीगढ़ में स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट की शुरुआत, AI आधारित ऑटोमैटिक सिग्नलिंग और अनाउंसमेंट सिस्टम होगा लागू

अलीगढ़ नगर निगम शहर की यातायात व्यवस्था को आधुनिक और जाममुक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है। नगर निगम अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित ऑटोमैटिक ट्रैफिक सिग्नलिंग और ऑटोमैटिक अनाउंसमेंट सिस्टम लागू करेगा। इस नई तकनीक के लागू होने के बाद ट्रैफिक सिग्नल वास्तविक यातायात के दबाव के अनुसार स्वतः संचालित होंगे, जिससे शहर में जाम की समस्या में काफी कमी आने की उम्मीद है।

शनिवार को जिलाधिकारी अविनाश कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज जादौन और नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) का संयुक्त निरीक्षण कर स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट व्यवस्था की समीक्षा की।

AI के जरिए चलेगा ट्रैफिक सिस्टम

नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि एआई आधारित हाई-रेजोल्यूशन कैमरे चौराहों पर वाहनों और लोगों की संख्या का विश्लेषण करेंगे। उसी के अनुसार ट्रैफिक सिग्नल का ग्रीन और रेड टाइम स्वतः निर्धारित होगा। इससे अनावश्यक प्रतीक्षा कम होगी और यातायात का प्रवाह सुचारु बना रहेगा।

AMU सर्किल से हुई शुरुआत

नगर निगम ने इस स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम को पहले चरण में एएमयू सर्किल पर लागू कर दिया है। आने वाले दिनों में मैरिस रोड, रामघाट रोड, केला नगर, सासनी गेट सहित अन्य प्रमुख चौराहों पर भी इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।

ऑटोमैटिक अनाउंसमेंट सिस्टम देगा चेतावनी

नगर निगम शहर के प्रमुख चौराहों पर ऑटोमैटिक अनाउंसमेंट सिस्टम भी स्थापित करेगा। यदि कोई वाहन, ई-रिक्शा या अन्य वाहन निर्धारित समय से अधिक देर तक चौराहे पर खड़ा रहता है, तो सिस्टम स्वतः सार्वजनिक घोषणा कर वाहन हटाने का निर्देश देगा। निर्धारित समय तक वाहन नहीं हटाने पर इसकी सूचना सीधे ट्रैफिक पुलिस को भेजी जाएगी।

सूतमिल चौराहे पर सफल ट्रायल

नगर आयुक्त ने बताया कि सूतमिल चौराहे पर ऑटोमैटिक अनाउंसमेंट सिस्टम का सफल ट्रायल किया गया है। जहां पहले 15 से 20 मिनट तक जाम लगता था, वहीं अब यह समय घटकर केवल 2 से 3 मिनट रह गया है।

अधिकारियों ने क्या कहा

जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि आधुनिक तकनीक का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर और सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है। वहीं एसएसपी नीरज जादौन ने कहा कि स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट से यातायात व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी और नियमों के पालन में सुधार आएगा।

नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा कि नगर निगम शहर को स्मार्ट, सुरक्षित और जाममुक्त बनाने के लिए लगातार नई तकनीकों को अपनाने का कार्य कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

%d bloggers like this: