पीली पट्टी के बाहर सामान रखने वालों पर होगी कार्रवाई, ICCC के स्मार्ट कैमरों से होगी निगरानी
अलीगढ़। शहर को स्वच्छ, सुंदर और अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में अलीगढ़ नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। शनिवार को महापौर प्रशान्त सिंघल और नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने “अतिक्रमण रहित अलीगढ़ अभियान” का शुभारंभ किया।
रसलगंज स्थित मलखान सिंह हॉस्पिटल के पास से बारहद्वारी तक शुरू किए गए इस अभियान के दौरान नगर निगम द्वारा पीली पट्टी खिंचवाई गई। महापौर और नगर आयुक्त ने स्वयं दुकानों पर जाकर व्यापारियों को गुलाब भेंट किए और उनसे अतिक्रमण न करने का संकल्प पत्र भरवाया। साथ ही शहर को व्यवस्थित और सुंदर बनाने में सहयोग की अपील की।
नगर निगम के अनुसार अब बाजारों और प्रमुख मार्गों पर पीली पट्टी की सीमा के बाहर सामान रखना, वाहन खड़ा करना या धकेल लगाना भारी पड़ सकता है। नियमों का उल्लंघन करने वालों का सामान जब्त करने के साथ वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था, अतिक्रमण और सौंदर्यीकरण कार्यों की निगरानी अब इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) के माध्यम से की जाएगी। शहर में लगे हाई रेजोल्यूशन स्मार्ट सर्विलांस कैमरों से पीली पट्टी का उल्लंघन करने वालों पर पैनी नजर रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि कैमरों से प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर अतिक्रमण करने वालों, गंदगी फैलाने वालों, गलत पार्किंग करने वालों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
नगर आयुक्त ने बताया कि बाजारों में व्यवस्थित पार्किंग और सुगम यातायात व्यवस्था के लिए यह अभियान शुरू किया गया है। सभी दुकानदारों से सहयोग की अपील की जा रही है, लेकिन बार-बार नियम तोड़ने वालों के खिलाफ जुर्माना, सामान जब्ती और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
महापौर प्रशान्त सिंघल ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप अलीगढ़ को स्वच्छ, सुंदर और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है। नगर निगम इस अभियान को जन आंदोलन का रूप देकर नागरिकों और व्यापारियों के सहयोग से शहर को बेहतर बनाने का प्रयास करेगा।
अभियान के दौरान पार्षद योगेश सिंघल, दीपक चौधरी, विनोद माहौर, हरिओम शर्मा, रामकिशोर, सुभाष चंद शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

